गंगोलीहाट: प्राचीन पुंगेश्वर महादेव धाम में उमड़ रही श्रद्धा की सरिता, श्रीमद्भागवत महायज्ञ में हजारों श्रद्धालु हो रहे शामिल

Blog
 Image

गंगोलीहाट। प्राचीन पुंगेश्वर महादेव धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत महायज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। महायज्ञ के षष्ठम दिवस पर कथावाचक डॉ. मनीष भट्ट ने भगवान वामन अवतार के पावन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए और पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। मैतोली ग्राम के भट्ट परिवार, पुजारीगणों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से महायज्ञ का आयोजन भव्य रूप से संपन्न हो रहा है। ग्राम प्रधान नवीन चंद्र भट्ट ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, जनकल्याण और प्रदेशवासियों को अध्यात्म व धर्म के मार्ग पर प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि प्राचीन पुंगेश्वर धाम सदियों से आस्था का केंद्र रहा है और यहां आयोजित श्रीमद्भागवत महायज्ञ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर रहा है। उन्होंने बताया कि आयोजन में दूर-दराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और भगवान शिव व श्रीहरि के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। महायज्ञ को सफल बनाने में मंदिर कमेटी के प्रबंधक डॉ. गिरीश चंद्र भट्ट सहित सभी सदस्य एवं क्षेत्रवासी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रहे हैं। आयोजन के समापन तक श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रहने की संभावना है।