पैराग्लाइडिंग से लेकर माउंटेनियरिंग तक मनीष मखौलिया ने बढ़ाया पिथौरागढ़ का मान! हुआ भव्य सम्मान

Blog
 Image

पिथौरागढ। धनौड़ा निवासी मनीष मखोलिया का जिला मुख्यालय में आज एक सादे समारोह में अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि उप जिलाधिकारी जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि साहसिक खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और पिथौरागढ इसके लिए बेहद मुफीद है। उन्होंने सामाजिक सेवा क्षेत्र में काम कर रहे लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील करते हुए जिला प्रशासन की ओर से पूरा सहयोग करने का वायदा किया। सम्मान समारोह में मनीष मखौलिया ने बताया कि विगत 16 अगस्त को जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स की टीम ने 5921 ऊंचाई पर स्थित डेल्टा 41 पीक को रिकार्ड 6:15 मिनट पर समिट किया। उसके बाद लगभग 8 बजे सुबह समिट करने के बाद कर्नल हेम चंद्र के साथ पैराग्लाइडर से उड़ान भरी और रोड हेड कैंप में लैंडिंग की। उड़ान लगभग 29 मिनट की रही और लैंडिंग 3330 मीटर पर रही। मनीष ने साहसिक खेलों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को नशामुक्त समाज बनाने की दिशा में आगे आना होगा, इसके लिए पिथौरागढ में युवाओं की एक टीम संकल्पित होकर कार्य कर रही है। पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग, राफ्टिंग,  माउंटेनियरिंग के क्षेत्र में पिथौरागढ में बेहतरीन प्रशिक्षक मौजूद हैं यदि समाज और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से पहल करे तो इस दिशा में अभूतपूर्व विकास संभव है।

उल्लेखनीय है कि मनीष मखौलिया ने गोरखा रेजिमेंट से रॉक क्लाइम्बिंग कोर्स किया और  2017 से पैराग्लाइडिंग शुरू की। मनीष ने उत्तराखंड समेत देश की कई विकट परिस्थतियों वाली चोटियों से सफलतापूर्वक पैराग्लाइडिंग की है। इसी दौरान मनीष ने पैराग्लाइग, 2023 में प्री वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया है और बाकी बहुत राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में  भागीदारी कर परचम लहराया है। वह ऑल इंडिया बाइक राइड में भी अपना लोहा मनवा चुके हैं। बताया कि डेल्टा 41 पीक काफी तकनीकी है और लेह लद्दाख में पड़ती है इसमें आइस वॉल, क्लाइम्बिंग, रिवर क्रॉसिंग और क्रेवासेस को पार करना पड़ता है जो इसको बेहद कठिन बनाता है। एक पहला मौका था जोकि समिट करके वहां से उड़ान भरी गई  पैराग्लाइडर से उड़ान भर के नीचे रोड हेड में रिकार्ड समय पर सफलतापूर्वक उतरे। सम्मान समारोह में वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी, जाजरदेवल के थानाध्यक्ष प्रकाश पांडेय,  लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित बिष्ट, योगेंद्र चंद, दीपक मखौलिया, चित्रा मखौलिया, प्रगतिशील किसान जीवन कापड़ी,  काजल मखौलिया, किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशव दत्त मखौलिया, आईस संस्था के के प्रतिनिधि अनुपम बेरी, पल्लवी, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति की अध्यक्ष विनीता कलौनी, पूर्व सैन्य अधिकारी हरीश पांडेय, सौरभ धर्मशत्तू ने मनीष द्वारा पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम आयोजक आईस और मुस्कान संस्था प्रतिनिधियों के साथ ही वन प्रभाग पिथौरागढ, दीपक मखौलिया आदि की ओर से मनीष को अभिनंदन पत्र भेंटकर सम्मानित किया। समारोह का आयोजन इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एण्ड एक्सप्लोरर्स 'आईस' और मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संचालन जगदीश कलौनी ने किया।