आदि कैलाश यात्रा का छठा दल सकुशल लौटा चौकोड़ी! कुमाऊँनी परंपरा से हुआ भव्य स्वागत

Blog
 Image

चौकोड़ी। कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन) द्वारा संचालित पवित्र श्री आदि कैलाश यात्रा का आठ सदस्यीय छठा दल अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर शनिवार को पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी पहुंचा। यहां आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में निगम कर्मचारियों ने यात्रियों का पारंपरिक कुमाऊँनी रीति-रिवाज से टीका लगाकर और फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। स्वागत समारोह के दौरान यात्रियों के चेहरों पर यात्रा पूर्ण होने की खुशी साफ झलक रही थी। यात्रा दल के साथ निगम के गाइड चरणजीत विष्ट ने पूरी यात्रा के दौरान विभिन्न पड़ावों पर यात्रियों की यादगार तस्वीरें संजोई थीं। चौकोड़ी पहुंचने पर इन तस्वीरों को टेलीविजन स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। यात्रा के हर पड़ाव की स्मृतियों को एक बार फिर जीवंत होते देख यात्री भावुक होने के साथ बेहद प्रसन्न नजर आए। यात्रियों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे यात्रा की सुखद स्मृतियों को संजोने वाला विशेष अनुभव बताया। यात्रियों ने बताया कि उन्हें श्री आदि कैलाश एवं पवित्र ओम पर्वत के अत्यंत सुंदर और स्पष्ट दर्शन हुए, जिससे उनकी आध्यात्मिक यात्रा अविस्मरणीय बन गई। उन्होंने कुमाऊँ मंडल विकास निगम द्वारा यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई गई आवास, भोजन, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि निगम ने हर स्तर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा। प्रबंधक दीपक पंत ने बताया कि केएमवीएन का उद्देश्य यात्रियों को केवल दर्शन कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें एक यादगार और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। इसी क्रम में यात्रा के प्रत्येक पड़ाव की तस्वीरें संकलित कर यात्रियों को दिखाने की व्यवस्था की गई, ताकि वे इन पलों को हमेशा संजो सकें। उन्होंने बताया कि यह दल रविवार को पाताल भुवनेश्वर के दर्शन करने के बाद भीमताल के लिए रवाना होगा। इस आठ सदस्यीय दल में मध्य प्रदेश से छह यात्री, जबकि दिल्ली और उत्तर प्रदेश से एक-एक यात्री शामिल रहे। यात्रियों के स्वागत में प्रबंधक दीपक पंत के साथ दीप पपने, दीप पंत, लाल सिंह, भीम सिंह, धन सिंह, कपूर सिंह, दीवान, हेमंत, प्रकाश, किशन और विमला देवी सहित निगम के कई कर्मचारी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान पूरे परिसर में पारंपरिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।