गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में छठे दिन भी अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहा। महाविद्यालय की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं लगातार आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन को महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का निरंतर सहयोग मिल रहा है। छात्रों की प्रमुख मांगों में महाविद्यालय के नए भवन तक सड़क निर्माण, बीएससी, बीकॉम और एमए की कक्षाओं का संचालन, महाविद्यालय का उच्चीकरण तथा छात्रावास का निर्माण शामिल है। छात्रों का कहना है कि इन मांगों को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को अवगत कराया गया था और कार्रवाई के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। इसके बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के कारण अनिश्चितकालीन धरना शुरू करना पड़ा। छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। आंदोलन के दौरान छात्र-छात्राओं का लगातार समर्थन मिल रहा है। आंदोलनकारियों ने मांगों का निस्तारण होने तक धरना जारी रखने की बात कही है।

