Apr 04, 2026

पंजाब पुलिस की रेड और देहरादून में अलर्ट: ग्रेनेड हमले के बाद उत्तराखंड की सीमाओं पर चेकिंग अभियान तेज

post-img

देहरादून। चंडीगढ़ में पंजाब भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के बाद उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। देहरादून पुलिस ने भाजपा प्रदेश कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है और पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। देहरादून के एसएसपी परमेंद्र सिंह डोभाल ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ सेक्टर-37 में पंजाब भाजपा कार्यालय पर हुए हमले के बाद देहरादून पुलिस को उच्च स्तर से अलर्ट कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से भाजपा कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और निगरानी बढ़ा दी गई है।

चंडीगढ़ पुलिस को हमले के मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। हमले का मुख्य आरोपी गुरतेज सिंह पिछले तीन साल से चंडीगढ़ में बाइक राइडर का काम कर रहा था और इस दौरान वह अपने घर भी नहीं गया। दूसरे आरोपी अमनप्रीत सिंह चंडीगढ़ में गाड़ी चलाने का काम करता था। मोरिंडा के गांव रतनगढ़ में छापेमारी के दौरान अमनप्रीत सिंह के घर से पुलिस को पीले रंग का एक संदिग्ध लिफाफा मिला है, जिसे चंडीगढ़ पुलिस साथ लेकर आई है। आशंका जताई जा रही है कि इस लिफाफे में हमले से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी या सामग्री हो सकती है। हालांकि दोनों आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। जांच एजेंसियां इस हमले को हाल ही में अमृतसर में हुए धमाके से भी जोड़कर देख रही हैं। दोनों घटनाओं के बीच किसी सांठगांठ की आशंका व्यक्त की जा रही है। चंडीगढ़ हमले के बाद उत्तराखंड में भाजपा के सभी प्रमुख कार्यालयों और नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। देहरादून पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी है और सीसीटीवी निगरानी को भी सख्त कर दिया है। एसएसपी डोभाल ने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए कोई भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रदेश भाजपा नेताओं ने सुरक्षा बढ़ाए जाने का स्वागत किया है और कहा है कि पार्टी कार्यकर्ता बिना किसी भय के अपना काम जारी रखेंगे।