Apr 25, 2026

गंगोलीहाट: राय बहादुर पूरन लाल विवेकानंद विद्या मंदिर का परीक्षा परिणाम रहा उत्कृष्ट! छात्रों ने लहराया सफलता का परचम

post-img

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट स्थित राय बहादुर पूरन लाल विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज का वर्ष 2025-26 का परीक्षाफल बेहद शानदार रहा है। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया है। विद्यालय के परीक्षा परिणामों पर नजर डालें तो हाईस्कूल (कक्षा 10) का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। कुल 88 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे और सभी 88 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में नैतिक जोशी 90% अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम, विजेंद्र शैतेला 84% अंकों के साथ द्वितीय और पंकज सिंह 81% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। हाईस्कूल के कुल 60 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 22 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की है, साथ ही 5 विद्यार्थियों ने विशेष योग्यता हासिल की है। वहीं, इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की परीक्षा में भी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इंटरमीडिएट में नितेश शैतेला 85% अंकों के साथ प्रथम, सत्यदीप सिंह 84% अंकों के साथ द्वितीय और हिमांशु परगाई 81% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। इंटरमीडिएट कक्षा में कुल 24 छात्रों ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जोशी, प्रबंधक सुरेश जोशी, उपाध्यक्ष भगवती मेहरा, कोषाध्यक्ष दिनेश धानिक सहित कार्यकारिणी सदस्य भूपाल आर्य, विमल रावल, खष्टी बल्लभ द्विवेदी, राम सिंह देउपा, शंभू चौधरी, मुकुल साह एवं समस्त स्टाफ ने खुशी व्यक्त की है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।