गंगोलीहाट। आमजन की सुरक्षा के साथ-साथ उनके जरूरी और कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर गंगोलीहाट पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में कोतवाली गंगोलीहाट पुलिस ने तकनीकी निगरानी और तत्परता का परिचय देते हुए एक ग्रामीण का खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसे उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर ग्रामीण ने पुलिस टीम का आभार जताया। जानकारी के अनुसार ग्राम सुनौली निवासी पूरन सिंह का मोबाइल फोन कहीं गुम हो गया था। उन्होंने गंगोलीहाट कोतवाली पहुंचकर मोबाइल गुम होने की सूचना पुलिस को दी। मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस की तकनीकी टीम ने कार्रवाई शुरू की। तकनीकी टीम में कांस्टेबल श्रृवण कुमार ने मोबाइल को ट्रेस करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। पुलिस टीम ने गुम हुए मोबाइल का विवरण CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर अपलोड किया और इसके बाद लगातार तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से उसकी निगरानी की गई। पुलिस की लगातार कोशिशों और तकनीकी ट्रैकिंग के जरिए आखिरकार मोबाइल फोन का पता लगा लिया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने मोबाइल को उसके वास्तविक स्वामी पूरन सिंह को सौंप दिया। लंबे प्रयास के बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर पूरन सिंह के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उन्होंने गंगोलीहाट पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई से एक ओर जहां पीड़ित को राहत मिली, वहीं लोगों में पुलिस की तकनीकी क्षमता और त्वरित कार्रवाई को लेकर भरोसा भी मजबूत हुआ है। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में घबराएं नहीं और तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें। पुलिस को मोबाइल का IMEI नंबर, बिल और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को जल्द ट्रेस कर बरामद करने की कार्रवाई की जा सके।

