बेरीनाग। नागदेव रामलीला समिति बेरीनाग के तत्वावधान में आगामी 13 अक्टूबर 2026 से दस दिवसीय भव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समिति के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी बेरीनाग एवं बेरीनाग थाना प्रभारी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के माध्यम से समिति ने प्रशासन को सूचित किया है कि रामलीला का मंचन प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से रात्रि 11:00 बजे तक किया जाएगा। आयोजन में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, कानून-शांति व्यवस्था, निर्बाध पेयजल आपूर्ति एवं नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया है। इसके अलावा, 16 अक्टूबर 2026 को बेरीनाग मुख्य बाजार में प्रभु श्री राम जी की भव्य बारात (शोभायात्रा) का आयोजन भी प्रस्तावित है, जिसके लिए पुलिस प्रशासन से यातायात और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के अध्यक्ष बलवंत धानिक, उपाध्यक्ष मनीष पंत, सचिव जीवन लाल शाह, उपसचिव दीप बिष्ट, कोषाध्यक्ष ललित बाफिला, कार्यकारिणी अध्यक्ष राजेश कार्की, अंशुल डांगी और कमलेश पंत सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

