बेरीनाग। विकासखंड बेरीनाग के खितोली-रेतोली मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति और क्षेत्र की अन्य सड़कों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल ने शनिवार को जिलाधिकारी आशीष भटगांई से मुलाकात की। उन्होंने डीएम से क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही। ब्लॉक प्रमुख ने मुलाकात के दौरान बेरीनाग क्षेत्र की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने में हो रही देरी तथा सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि खितोली-रेतोली मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और सड़क की खराब स्थिति की वजह से हादसों का खतरा भी लगातार बना रहता है। मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र सड़क को ठीक करने, सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और झाड़ियों को हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

