गंगोलीहाट में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं की मांग को लेकर कांग्रेस नेता मनोज टम्टा का बड़ा ऐलान

Blog
 Image

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र की बदहाल सड़कें, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार और मुख्यमंत्री की पूर्व घोषणाओं को पूरा कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कमेटी (अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ) के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा ने 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और आमरण अनशन शुरू करने की घोषणा की है। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है। मनोज टम्टा ने बताया कि इन मांगों को लेकर जुलाई माह में भी एक दिवसीय धरना देकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए समय दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी कारण आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। ज्ञापन के अनुसार, 15 अगस्त 2026 से केएमओ बस स्टेशन के समीप पार्किंग स्थल पर अनिश्चितकालीन धरना, क्रमिक अनशन और आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। कांग्रेस ने मांग की है कि गंगोलीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर और ब्लड स्टोरेज सेंटर की स्थापना की जाए तथा सीएचसी को उपजिला अस्पताल का दर्जा दिया जाए। इसके अलावा क्षेत्र के महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं शुरू करने, विद्यालयों में रिक्त शिक्षकों के पद भरने, 50 से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण एवं डामरीकरण कराने तथा लंबे समय से बंद पड़े आईटीआई कॉलेज को दोबारा संचालित करने की मांग भी उठाई गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी एवं राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह भंडारी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हयात सिंह बोरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश रावल, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेश पांडा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक सिंह धानिक, सोनू कुमार, लाल सिंह भंडारी, अजय कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।