बेरीनाग। साधना इंटर कॉलेज के छात्र भगवान सिंह मेहरा ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA)-2026 में चयनित होकर विद्यालय, क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। ग्राम दौलीगाड़ (पोस्ताला) निवासी भगवान सिंह मेहरा की इस उपलब्धि से उनके परिवार और विद्यालय में खुशी का माहौल है। बेटे की सफलता पर पिता त्रिलोक सिंह मेहरा और माता गोदावरी देवी ने गर्व जताते हुए इसे भगवान की मेहनत और लगन का परिणाम बताया। भगवान सिंह मेहरा ने वर्ष 2025 में साधना इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की परीक्षा 94 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्होंने उत्तराखंड की राज्य वरीयता सूची में भी स्थान बनाया। इसके बाद उन्होंने देश की प्रतिष्ठित सैन्य प्रवेश परीक्षा एनडीए की तैयारी शुरू की और कड़ी मेहनत के बल पर सफलता हासिल की। भगवान की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके सामने पढ़ाई के दौरान कई चुनौतियां आईं। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के समय उनके पिता त्रिलोक सिंह मेहरा की तबीयत अचानक गंभीर रूप से खराब हो गई। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते उनकी नौकरी भी चली गई। इससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। इन कठिन परिस्थितियों के बावजूद भगवान ने अपने लक्ष्य से ध्यान नहीं भटकने दिया। उन्होंने माता-पिता के सहयोग और आशीर्वाद के साथ अपनी पढ़ाई और एनडीए की तैयारी जारी रखी। भगवान ने अपनी मेहनत, धैर्य और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता हासिल कर यह संदेश दिया कि परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने का संकल्प मजबूत हो तो सफलता प्राप्त की जा सकती है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनकर सामने आई है। छात्र की इस उपलब्धि पर साधना इंटर कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्रबंधक चंपा पंत और प्रधानाचार्य पंकज पांडे ने भगवान सिंह मेहरा और उनके माता-पिता को बधाई दी। प्रधानाचार्य पंकज पांडे ने कहा कि भगवान की सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार को गर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद जिस तरह अपने लक्ष्य को हासिल किया, वह विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, स्पष्ट लक्ष्य और अटल संकल्प के साथ सफलता हासिल की जा सकती है। भगवान सिंह मेहरा के NDA-2026 में चयन पर क्षेत्रवासियों ने भी खुशी जताई और उन्हें बधाई दी। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में देश की सेवा करते हुए क्षेत्र और उत्तराखंड का नाम और रोशन करेंगे।

