बेतालघाट। कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए विगत 27 अप्रैल को अशोक लीलैंड पंतनगर के अधिकारियों द्वारा राजकीय आईटीआई बेतालघाट (नैनीताल) परिसर में अप्रेंटिस रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के तहत राजकीय आईटीआई राई आगर (पिथौरागढ़) के प्रशिक्षार्थियों की भी ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 6 प्रशिक्षार्थियों का चयन हुआ। चयनित प्रशिक्षार्थियों को बाद में राजकीय आईटीआई राई आगर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान लगभग 65 क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई बेतालघाट नैनीताल में कार्यरत उप नोडल अधिकारी (प्रवेश समिति) कुमाऊं मंडल राजेंद्र पांडे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण विभाग उत्तराखंड द्वारा कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा हैए जिससे वे रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने बताया कि राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत प्रशिक्षार्थियों को संस्थान स्तर से ही अप्रेंटिस रोजगार मिलने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे युवाओं को सीधे उद्योगों से जुड़ने का अवसर मिलता है।
राजेंद्र पांडे ने डीएसटी ड्यूल सिस्टम प्रशिक्षण योजना की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई प्रशिक्षार्थी दो वर्ष तक राजकीय आईटीआई में प्रशिक्षण प्राप्त करता है तो उसे एक वर्ष चयनित कंपनी में प्रशिक्षण दिया जाता है, जहां वह औद्योगिक कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से सीखता है। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों को नियमानुसार मानदेय भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए स्वरोजगार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक आईटीआई संस्थान में समय.समय पर एमएसएमई, बैंकिंग संस्थानों एवं जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों को आमंत्रित कर प्रशिक्षार्थियों को स्वरोजगार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाती हैं। छात्रों को यह बताया जाता है कि स्वरोजगार स्थापित करने के लिए ऋण लेने हेतु किन दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की आवश्यकता होती है। राजेंद्र पांडे ने बताया कि इस प्रकार का प्रशिक्षण युवाओं को न केवल रोजगार बल्कि स्वरोजगार की दिशा में भी अग्रसर करता है। उन्होंने कहा कि संस्थान की ओर से प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को निःशुल्क ड्रेस उपलब्ध कराई जाती है, जबकि शासन के नियमानुसार आरक्षित वर्ग एवं महिला अभ्यर्थियों को प्रवेश में विशेष आरक्षण का लाभ भी दिया जाता है। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अनुदेशक मोहन सिंह ने सभी आगंतुकों और अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के कर्मचारी राजू राम सहित प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षार्थियों ने भी अपने विचार साझा किए और तकनीकी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।

