गंगोलीहाट। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग, उत्तराखंड के संयुक्त तत्त्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में आगामी 6 अगस्त से 3 दिवसीय भव्य 'निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। क्षेत्र के दूर-दराज के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ डॉक्टरों का परामर्श एवं इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। सीएचसी गंगोलीहाट के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का आयोजन 06 अगस्त 2026 से 08 अगस्त 2026 तक सीएचसी गंगोलीहाट परिसर में किया जाएगा। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर उपस्थित रहकर मरीजों की जांच एवं उपचार करेंगे। स्वास्थ्य शिविर में मेडिसिन विशेषज्ञ (फिजिशियन), बाल रोग विशेषज्ञ, हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक), नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ (ई एन टी) , नेत्र रोग विशेषज्ञ (ऑफ़थालमोलॉजिस्ट), दंत रोग विशेषज्ञ (डेंटल सर्जन), सामान्य शल्य विशेषज्ञ (सर्जन) तथा महिला चिकित्सा अधिकारी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
शिविर के दौरान आने वाले सभी मरीजों को निःशुल्क डॉक्टरी परामर्श, आवश्यक प्रयोगशाला जांचें (लैब टेस्ट), निःशुल्क दवाइयों का वितरण तथा गंभीर रोगियों को उचित इलाज व मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत ने गंगोलीहाट एवं आसपास के समस्त क्षेत्रीय ग्रामीण जनता से अपील की है कि वे इस 3 दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं व उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।

