गंगोलीहाट। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार, प्लान-ऑफ एक्शन के अनुपालन में 21 जून 2026 को तहसील एवं सिविल न्यायालय परिसर गंगोलीहाट में 'विश्व योग दिवस' एवं 'स्वच्छता दिवस' कार्यक्रम के अंतर्गत एक विधिक साक्षरता शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम तहसील विधिक सेवा समिति की ओर से आयोजित किया गया था। इस विशेष शिविर की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को योग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक सामूहिक योगाभ्यास किया गया, जिसके बाद तहसील परिसर में एक व्यापक स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस आयोजन में न्यायालय के प्रशासनिक अधिकारी संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह ऐर, आदेशिका वाहक प्रद्युमन सिंह टोलिया, बार सचिव मनोज सिंह रावल और वरिष्ठ अधिवक्ता जितेन्द्र सिंह देउपा उपस्थित रहे। इसके अलावा थाना गंगोलीहाट से निर्मल नाथ गोस्वामी, पी.आर.डी. जवान विनोद कुमार सहित तहसील व नगर पालिका के कर्मचारीगण और लगभग 30 से 35 स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

